
सबका जम्मू कश्मीर।
बहसोली, 19 सितम्बर : नवरात्रि पर्व को लेकर बहसोली में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) पंकज भगोत्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मंदिरों और रामलीला ग्राउंड की तैयारियों पर चर्चा की गई।

रामलीला क्लब अध्यक्ष चंद्र शेखर ने बताया कि रामलीला ग्राउंड के पास गाड़ियाँ खड़ी की जाती हैं और निर्माण सामग्री पड़ी रहती है। इस पर एडीसी ने नगरपालिका ईओ को निर्देश दिए कि तुरंत गाड़ियाँ हटवाई जाएँ और निर्माण सामग्री साफ करवाई जाए। साथ ही नवरात्रि के दौरान अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था बहसोली–बनी रोड और अटल सेतु मार्ग पर करने के निर्देश दिए।

बिजली, जलशक्ति और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चंचलो देवी मंदिर में पानी और बिजली की सुविधा बहाल हो गई है और सड़क भी आज शाम तक खोल दी जाएगी। एडीसी ने कहा कि वे कल खुद चंचलो माता मंदिर और रामलीला ग्राउंड का दौरा करेंगे।
स्थानीय लोगों ने रामलीला ग्राउंड के पास शौचालय की मरम्मत और अटल सेतु पर तिरंगा लाइट बहाल करने की मांग रखी। एडीसी ने शौचालय को दुरुस्त करने के निर्देश दिए और कहा कि वे बीआरओ से बात करके तिरंगा लाइट के लिए बिजली कनेक्शन दिलवाएँगे।
एडीसी ने सभी ब्लॉकों के बीडीओ को मंदिरों तक जाने वाले रास्तों से झाड़ियां हटाने को कहा। रानी तालाब के फव्वारों के लिए बिजली कनेक्शन की मांग पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस पर कार्रवाई होगी।
बैठक में एसडीपीओ सुरेश शर्मा, तहसीलदार सागर विश्वकर्मा, नगरपालिका व विभिन्न विभागों के अधिकारी, नीलकंठ और चंचलो देवी मंदिर के पुजारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। जबकि तहसीलदार महानपुर राधिका सोहन और अन्य अधिकारी वर्चुअली जुड़े।